ट्रंप का बड़ा दावा! भारत ईरान की बजाय वेनेजुएला से तेल खरीदेगा

ट्रंप का बड़ा दावा!

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को एक बड़ा बयान दिया और कहा कि भारत ने सिद्धांत रूप में वेनेजुएला से तेल खरीदने पर सहमति दे दी है, और अब वह ईरान से तेल नहीं खरीदेगा। ट्रंप ने यह टिप्पणी एयर फोर्स वन पर पत्रकारों से बातचीत में की और कहा कि चीन भी इस सौदे में शामिल हो सकता है।

उन्होंने कहा, “हमने डील पहले ही कर ली है। भारत इसमें शामिल हो रहा है और वे ईरान की बजाय वेनेजुएला का तेल खरीदेंगे। चीन भी तेल खरीदने के लिए स्वागत है। हमने पहले ही डील कर ली है, यह डील का कॉन्सेप्ट है।” ट्रंप ने मार्च 2025 में वेनेजुएला से तेल खरीदने वाले देशों जिनमें भारत भी शामिल था पर लगाए गए 25% टैरिफ का भी जिक्र किया।

ट्रंप ने बताया कि वेनेजुएला ने अमेरिका को 50 मिलियन बैरल तेल, जिसकी कीमत लगभग 5.2 बिलियन डॉलर है, की पेशकश की है और उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया है। ट्रंप ने कहा, “हम नए राष्ट्रपति और देश के कई अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास तेल को तुरंत प्रोसेस करने की जगह नहीं है, क्या आप इसे लेंगे? मैंने कहा, हम लेंगे।”

भारत की ओर से ट्रंप के इस दावे पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

इस बीच, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्रंप के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “उन्होंने कहा ऑपरेशन सिंदूर रुक गया। कहा भारत ने रूसी तेल खरीदना बंद कर दिया। और अब यह।”

ट्रंप के बयान के बाद वैश्विक तेल व्यापार, भारत की ऊर्जा नीति और विदेश संबंधों को लेकर बहस तेज हो गई है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत के तेल आयात और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा रणनीति पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

Category