पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा विवाद ने गंभीर सैन्य टकराव का रूप ले लिया है। पाकिस्तान द्वारा रातभर अफगानिस्तान में हवाई हमले किए जाने के बाद तालिबान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान ने सीमा पार से कथित “उकसावे वाली गोलीबारी” के जवाब में अफगान शहरों जिनमें कंधार और राजधानी काबुल शामिल हैं पर ‘ऑपरेशन गाज़िब लिल-हक’ के तहत हवाई हमले किए।
वहीं, तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि उसने पाकिस्तान में कई सैन्य ठिकानों पर समन्वित हवाई हमले किए। इनमें फैसलाबाद के पास एक स्थान, नौशेरा का सैन्य कैंप, एबटाबाद का सैन्य परिसर और जमरूद स्थित आर्मी बेस शामिल बताए गए हैं।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताुल्लाह तरार ने पुष्टि की कि तालिबान ने ड्रोन के जरिए हमले किए, जिन्हें एंटी-ड्रोन सिस्टम से मार गिराया गया। उन्होंने कहा कि किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
इससे पहले पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा था कि “हमारा सब्र खत्म हो चुका है, यह अब खुला युद्ध है।”
रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसके हमलों में 133 अफगान लड़ाके मारे गए, जबकि तालिबान ने पहले दावा किया था कि उसने डूरंड रेखा पर 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया।
दोनों पक्षों ने भारी नुकसान के दावे किए हैं, हालांकि स्वतंत्र रूप से इन आंकड़ों की पुष्टि नहीं हो पाई है। सीमा पर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें इस बढ़ते टकराव पर टिकी हैं।
- Log in to post comments