एनडीए संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत–अमेरिका के बीच हुआ ऐतिहासिक व्यापार समझौता अनवरत धैर्य का परिणाम है। उन्होंने कहा कि टैरिफ वार्ताओं को लेकर पहले जो आलोचनाएं हो रही थीं, आज वही सकारात्मक नतीजों में बदल चुकी हैं।
मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की बैठक में पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस व्यापार समझौते से देश में अनुकूल आर्थिक माहौल बना है और यह वैश्विक व्यापार वार्ताओं में सरकार के संतुलित व स्थिर दृष्टिकोण को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, “लोगों ने टैरिफ को लेकर आलोचना की, लेकिन हमने धैर्य बनाए रखा और आज उसके परिणाम सामने हैं।”
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “विश्व व्यवस्था तेजी से बदल रही है और उसका रुझान भारत की ओर बढ़ रहा है। मैं यह बात कई वैश्विक मंचों पर कहता रहा हूं और आज हम देख रहे हैं कि वैश्विक व्यापार तनाव के बीच भी भारत को लाभ मिल रहा है।”
बैठक से पहले प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि आत्मविश्वास ही हर प्रगति की प्रेरक शक्ति है।
उन्होंने कहा, “हमारे नागरिकों की यही ताकत विकसित भारत के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी।”
एनडीए सांसदों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में पूर्ण उपस्थिति सुनिश्चित करने और चर्चाओं में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने सरकार के कार्यों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। साथ ही, उन्होंने पार्टी नेताओं से केंद्रीय बजट में बताए गए प्रमुख उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने को कहा।
आर्थिक संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस व्यापार समझौते से घरेलू विनिर्माण और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादन को बढ़ावा मिलना चाहिए, जिससे भारत के औद्योगिक विकास को मजबूती मिलेगी।
इससे पहले सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बातचीत के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि भारत और अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते के तहत वॉशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर प्रतिशोधी शुल्क (रेसिप्रोकल टैरिफ) 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा।
इस घोषणा के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इसे भारतीय निर्यातकों के लिए बड़ी राहत बताया और अमेरिकी राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया की दो सबसे बड़ी लोकतांत्रिक और आर्थिक शक्तियों के बीच सहयोग से दोनों देशों के लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण है और भारत अंतरराष्ट्रीय शांति बनाए रखने के प्रयासों का समर्थन करता रहेगा।
वहीं राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ घटाने का फैसला प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान के भाव से लिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह समझौता दोनों देशों के संबंधों को और गहरा करेगा और कहा कि दोनों नेताओं का परिणाम देने का रिकॉर्ड मजबूत रहा है।
- Log in to post comments