अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील और भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ घटाने की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने “डियर फ्रेंड” ट्रंप को धन्यवाद कहा। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि अब मेड इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत हो गया है।
पीएम मोदी ने एक्स (X) पर लिखा, “आज मेरे डियर फ्रेंड राष्ट्रपति ट्रंप से बात कर बहुत अच्छा लगा। यह जानकर खुशी हुई कि मेड इन इंडिया उत्पादों पर अब 18% का कम टैरिफ लगेगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को बहुत-बहुत धन्यवाद।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और सबसे बड़े लोकतंत्र साथ मिलकर काम करते हैं, तो दोनों देशों के लोगों को लाभ मिलता है और पारस्परिक सहयोग के लिए अपार अवसर खुलते हैं।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि वैश्विक शांति के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व बेहद अहम है और भारत उनके शांति प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है।
उन्होंने लिखा, “राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण है। भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूरा समर्थन करता है। मैं उनके साथ मिलकर अपनी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने को उत्सुक हूं।”
प्रधानमंत्री की यह प्रतिक्रिया उस घोषणा के बाद आई, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार देर रात बताया कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर सहमति बनी है और भारतीय वस्तुओं पर प्रतिपक्षीय (रेसिप्रोकल) टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है।
ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अपने “सबसे अच्छे दोस्त” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और उनके अनुरोध पर यह ट्रेड डील तत्काल प्रभाव से लागू की गई।
ट्रंप ने लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान के चलते, और उनके अनुरोध पर, हमने अमेरिका और भारत के बीच एक ट्रेड डील पर सहमति जताई है, जिसके तहत अमेरिका प्रतिपक्षीय टैरिफ 25% से घटाकर 18% करेगा।”
ट्रंप ने पीएम मोदी को अपने “सबसे अच्छे दोस्तों” में से एक बताते हुए दावा किया कि भारतीय प्रधानमंत्री ने रूसी तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका व संभावित रूप से वेनेजुएला से तेल आयात बढ़ाने पर सहमति जताई है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि भारत अमेरिका के खिलाफ “टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं” को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा और ‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत अमेरिकी उत्पादों की खरीद बढ़ाएगा, जिसमें 500 अरब डॉलर से अधिक की ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य वस्तुएं शामिल हैं।
ट्रंप ने कहा, “भारत के साथ हमारा शानदार रिश्ता आगे और मजबूत होगा। प्रधानमंत्री मोदी और मैं ऐसे लोग हैं जो काम करके दिखाते हैं जो हर किसी के बारे में नहीं कहा जा सकता।”
यह घोषणा ऐसे समय आई जब अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर बताया था कि राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार को पीएम मोदी से बातचीत की है।
- Log in to post comments