असम सरकार ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के कथित पाकिस्तान से संबंधों के मामले को केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) को भेजने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को कैबिनेट बैठक के बाद इसकी जानकारी दी।
सरमा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है और कैबिनेट ने इस मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मानते हुए केंद्र को सौंपने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि यह मामला केवल व्यक्तिगत नहीं है, बल्कि इसमें एक सांसद, उनकी ब्रिटिश नागरिक पत्नी और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि सांसद ने पहले पाकिस्तान का दौरा किया था और पाकिस्तान हाई कमीशन में तत्कालीन उच्चायुक्त से मुलाकात भी की थी।
सरमा ने कहा कि राज्य पुलिस के अधिकार क्षेत्र में सीमाएं हैं, इसलिए टेलीफोन रिकॉर्ड और संवेदनशील दस्तावेजों की जांच के लिए केंद्रीय एजेंसियों की आवश्यकता है। SIT की रिपोर्ट और FIR अब गृह मंत्रालय को भेजी जाएगी।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने इन आरोपों को बेबुनियाद और हास्यास्पद बताते हुए खारिज किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर राजनीतिक उद्देश्य से आरोप लगाने का आरोप लगाया।
यह मामला असम विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव को और तेज करता नजर आ रहा है।
- Log in to post comments