ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 में होने वाले बहुप्रतीक्षित भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले को लेकर अनिश्चितता गहराती जा रही है। इस बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल लाहौर पहुंचे, जहां उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नक़वी से मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब ICC और PCB के बीच भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर अहम चर्चा होने वाली है।
Sports Tak की रिपोर्ट के अनुसार, ICC 8 फरवरी को PCB के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेगा। पाकिस्तान ने ICC को पत्र लिखकर भारत के खिलाफ अपने T20 वर्ल्ड कप 2026 मैच पर ‘फोर्स मेज्योर’ क्लॉज लागू करने की मांग की है। इसके जवाब में ICC ने PCB से स्पष्ट करने को कहा है कि किन परिस्थितियों में इस प्रावधान को लागू किया जा सकता है।
PCB का दावा है कि मौजूदा हालात में टीम के लिए भारत के खिलाफ खेलना संभव नहीं है। हालांकि, ICC इस तर्क से संतुष्ट नहीं है और उसने पाकिस्तान से औपचारिक स्पष्टीकरण मांगा है। ICC की चेतावनी के बाद अब PCB ने बातचीत का रास्ता अपनाया है।
PCB ने अपने विरोध को बांग्लादेश मुद्दे से भी जोड़ा है। टूर्नामेंट आयोजकों ने बांग्लादेश को भारत के बाहर अपने मैच खेलने की अनुमति नहीं दी और बाद में उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया। PCB ने इस फैसले पर आपत्ति जताई और इसी आधार पर भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की संभावना जताई है।
ICC के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होना तय है। दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसक इस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, लेकिन जारी विवाद के चलते मैच पर संशय बना हुआ है।
डिफेंडिंग चैंपियन भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ करेगा। इसके बाद 12 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगा। इस ग्रुप में पाकिस्तान और नीदरलैंड्स भी शामिल हैं। भारतीय टीम में सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, मोहम्मद सिराज और रिंकू सिंह जैसे मैच विनर खिलाड़ी शामिल हैं।
- Log in to post comments