छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एमसीबी जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरती पर विकास, आस्था और जनसमर्पण का अभूतपूर्व संगम प्रस्तुत किया। मालवीय नगर, पोड़ी स्थित मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, बैकुंठपुर विधायक भईया लाल राजवाड़े, कलेक्टर डी. राहुल वेंकट, पुलिस अधीक्षक रतना सिंह और अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व नागरिकों ने मुख्यमंत्री का गरिमामय स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से हुई। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में कलश धारण कर चंदन तिलक और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री एवं अतिथियों का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 127 करोड़ रुपये की लागत से 141 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें से 82 विकास कार्य 38.79 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 59 परियोजनाओं का भूमिपूजन 88.24 करोड़ रुपये की लागत से किया गया। कार्यक्रम में सभी अतिथियों का गजमाला पहनाकर सम्मान किया गया, जिससे उत्साह और उल्लास का वातावरण बना।
महापौर राम नरेश राय ने कहा कि यह दिन चिरमिरी नगर निगम के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज, एग्रीकल्चर कॉलेज, हॉर्टिकल्चर कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज और फिजियोथैरेपी कॉलेज की स्थापना से युवाओं को घर के पास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो रही है। अस्पतालों के उन्नयन और नई स्वास्थ्य सुविधाओं से आमजन को बेहतर उपचार मिल रहा है। इसके अलावा अमृत जल मिशन के अंतर्गत 183 करोड़ रुपये की योजना से स्थायी पेयजल समाधान पर काम चल रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि एमसीबी जिले को पिछले दो वर्षों में स्वतंत्रता के बाद की तुलना में सबसे अधिक विकास कार्य प्राप्त हुए हैं। जिले में नर्सिंग कॉलेज, 220 बिस्तरों वाला अस्पताल, साजा पहाड़ सड़कों का निर्माण और 659 करोड़ रुपये की नागपुर-चिरमिरी रेलवे लाइन परियोजना शामिल हैं। किसानों के लिए धान खरीदी और महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना जैसी योजनाओं से जनहित में ऐतिहासिक पहल की जा रही है।
प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि 127 करोड़ रुपये के विकास कार्य केवल आंकड़े नहीं हैं, बल्कि जिले की नई तस्वीर और तकदीर के प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं से हर वर्ग को लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि यह राशि केवल धनराशि नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने मंदिरों और आध्यात्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास का संदेश देते हुए श्री जगन्नाथ मंदिर और शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की।
इस अवसर पर नगर निगम को अग्निशमन वाहन, बकरी संवर्धन केंद्र, नई पुलिस चौकी, ऑडिटोरियम, उप-तहसील भवन और आकर्षक शिल्प स्थापनाओं की घोषणाएं भी की गईं। मुख्यमंत्री का यह आध्यात्मिक और विकासात्मक प्रवास चिरमिरी के लिए ऐतिहासिक और प्रेरणादायक साबित हुआ।
- Log in to post comments