सैरांग-सिलचर रेल लिंक शुरू! CM लालदुहोमा बोले, "मिज़ोरम के लिए नई आर्थिक जीवनरेखा"

सैरांग-सिलचर रेल लिंक शुरू! CM लालदुहोमा बोले, "मिज़ोरम के लिए नई आर्थिक जीवनरेखा"

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मिज़ोरम के सैरांग को असम के कछार ज़िले के सिलचर से जोड़ने वाली नई रेल सेवा का वर्चुअल उद्घाटन किया। यह पूर्वोत्तर भारत में क्षेत्रीय संपर्क और आर्थिक एकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

मिज़ोरम में मुख्यमंत्री पु लालदुहोमा ने सैरांग रेलवे स्टेशन पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री लालनिलावमा, राजस्व मंत्री बी. लालछनजोवा और मुख्यमंत्री के सलाहकार व विधायक टीबीसी लालवेंछुंगा के साथ शिरकत की। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सैरांग–सिलचर रेल लिंक को राज्य के विकास की यात्रा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

लालदुहोमा ने कहा कि यह नई रेल सेवा मिज़ोरम और पड़ोसी असम के बीच संबंधों को मज़बूत करेगी, अदरक जैसी कृषि उपज के लिए बाज़ार तक पहुंच बढ़ाएगी और राज्य सरकार की प्रमुख ‘बाना काइह’ (हैंडहोल्डिंग) योजना को नई गति देगी। उन्होंने इसके आर्थिक महत्व पर ज़ोर देते हुए कहा कि सिलचर केवल एक पड़ोसी शहर नहीं, बल्कि मिज़ोरम के लिए एक अहम आर्थिक प्रवेश द्वार है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ का श्रेय देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी दूर-दराज़ माना जाने वाला पूर्वोत्तर अब बेहतर कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के चलते राष्ट्रीय विकास मानचित्र पर मजबूती से उभर रहा है। उन्होंने सैरांग–सिलचर मार्ग को चालू करने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार भी व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच महीनों में सैरांग रेलवे स्टेशन में तेज़ी से विकास हुआ है और इसके लिए रेल मंत्रालय व एनएफ रेलवे के लुमडिंग डिविजन की सराहना की। उन्होंने स्थानीय उद्यमियों के समर्थन के लिए सैरांग में वेयरहाउस निर्माण, ममित ज़िले के थेंज़ावल पीस सिटी तक प्रस्तावित रेल लाइन को पूरा करने और नई दिल्ली–सिलचर राजधानी एक्सप्रेस को सैरांग तक बढ़ाने का भी प्रस्ताव रखा, जिससे राज्य में रेल कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को और बढ़ावा मिल सके।

Category