प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत का डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म UPI जल्द ही मलेशिया में शुरू किया जाएगा। यह घोषणा उन्होंने कुआलालंपुर में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान की, जहां वे मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ पहुंचे। यह यात्रा भारत और मलेशिया के बीच आर्थिक, रक्षा और जन-जन के स्तर पर संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
2026 की अपनी पहली विदेश यात्रा पर मलेशिया पहुंचे पीएम मोदी ने भारत–मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहराई देने पर जोर दिया। अगस्त 2024 में दोनों देशों ने संबंधों को ‘कम्प्रिहेन्सिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ तक बढ़ाया था, जिसके बाद द्विपक्षीय सहयोग लगातार मजबूत हुआ है।
भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा, “भारत हमेशा आपको खुले दिल से अपनाएगा। इसी भावना के तहत हमने हाल ही में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। मलेशिया के भारतीय मूल के नागरिकों के लिए छठी पीढ़ी तक OCI कार्ड की पात्रता बढ़ाई गई है। हम इंडियन स्कॉलरशिप ट्रस्ट फंड का समर्थन कर रहे हैं और भारत में पढ़ने वाले छात्रों को थिरुवल्लुवर स्कॉलरशिप भी दी जाएगी। हम ‘नो इंडिया’ कार्यक्रम में आपसे मिलने को उत्सुक हैं।”
पीएम मोदी ने कार्यक्रम में शामिल होने और व्यक्तिगत रूप से स्वागत करने के लिए प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मलेशियाई प्रधानमंत्री का एयरपोर्ट पर स्वागत करने आना और कार्यक्रम स्थल तक साथ चलना, भारत और भारतीय समुदाय के प्रति उनके सम्मान और स्नेह को दर्शाता है।
अपने पिछले वादे को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “पिछले साल मैं ASEAN शिखर सम्मेलन के लिए मलेशिया नहीं आ सका था, लेकिन मैंने अपने मित्र से वादा किया था कि जल्द आऊंगा। आज मैं अपना वादा निभाने यहां हूं। यह 2026 की मेरी पहली विदेश यात्रा है।”
उन्होंने भारतीय समुदाय द्वारा प्रस्तुत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी सराहना की, जिसमें 800 कलाकारों ने एक साथ प्रस्तुति दी। पीएम मोदी ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए सभी कलाकारों को बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने भारतीय मूल के समुदाय को भारत और मलेशिया के बीच एक “जीवंत सेतु” बताया। उन्होंने भोजन, भाषा, संगीत और फिल्मों के साझा सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र किया और अनवर इब्राहिम की भारतीय, विशेषकर तमिल गीतों के प्रति रुचि का भी उल्लेख किया।
इस दौरान मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भी पीएम मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह खुद को मोदी जी और भारत का करीबी मित्र मानते हैं।
यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत में भारत, विवादित इस्लामिक प्रचारक जाकिर नाइक के प्रत्यर्पण का मुद्दा भी एक बार फिर उठा सकता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह यात्रा “समृद्ध एजेंडा” के साथ भारत–मलेशिया विशेष साझेदारी को नई गति देगी।
डिजिटल भुगतान, आर्थिक सहयोग और रक्षा साझेदारी इस यात्रा के प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं।
- Log in to post comments