जिला मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी को नक्सल-मुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार सघन नक्सल-विरोधी अभियान चला रही है। इसी क्रम में 06 जनवरी 2026 को पुलिस और आईटीबीपी की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता मिली, जब परवींडीह की दुर्गम पहाड़ियों में छिपाकर रखा गया 11 क्लेमोर माइन (पाइप बम) निर्माण डंप बरामद किया गया।
यह अभियान राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अभिषेक शांडिल्य (IPS) के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह (IPS) के नेतृत्व में डीआरजी और आईटीबीपी 40वीं वाहिनी द्वारा संयुक्त सर्च ऑपरेशन के तहत संचालित किया गया।
परवींडीह पहाड़ी क्षेत्र, जो घने जंगल और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों से घिरा है, पूर्व में नक्सली गतिविधियों का गढ़ रहा है। इसी क्षेत्र में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की मंशा से क्लेमोर माइन तैयार करने के लिए विस्फोटक डंप छिपाकर रखा था। समय रहते इसकी बरामदगी से एक बड़ी संभावित वारदात को टाल दिया गया है।
पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से नक्सली संगठनों में भय और भगदड़ की स्थिति बन गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नक्सल उन्मूलन अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
- Log in to post comments