न्यूयॉर्क फैशन वीक में छाया असम का हैंडलूम, डिजाइनर संजुक्ता दत्ता ने बिखेरा जलवा

न्यूयॉर्क फैशन वीक में छाया असम का हैंडलूम, डिजाइनर संजुक्ता दत्ता ने बिखेरा जलवा

असम की प्रसिद्ध भारतीय डिजाइनर संजुक्ता दत्ता ने न्यूयॉर्क फैशन वीक के स्प्रिंग/समर सीजन में ग्लोबल फैशन कलेक्टिव शोकेस के दौरान अपना नवीनतम कलेक्शन ‘कुवोली (The Mist)’ प्रस्तुत किया। इस कलेक्शन में असम की पारंपरिक हैंडलूम विरासत और आधुनिक वैश्विक फैशन का अनोखा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में न्यूयॉर्क स्थित भारत के उप महावाणिज्यदूत विशाल जयेशभाई हर्ष भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि संजुक्ता दत्ता जैसे डिजाइनर भारत की समृद्ध हैंडलूम परंपरा को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाकर देश के सांस्कृतिक दूत की भूमिका निभा रहे हैं।

शो के अंत में दत्ता ने अपनी पहचान वाली असमिया मेखेला चादर पहनकर रैंप वॉक किया, जिस पर “Proudly Assamese” लिखा था, जो उनकी सांस्कृतिक पहचान और गर्व को दर्शाता है।

इंजीनियरिंग से फैशन की दुनिया में आईं दत्ता को असम की पारंपरिक बुनाई कला को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए जाना जाता है। उनका ब्रांड ग्रामीण महिला बुनकरों को सशक्त बनाने और असमिया रेशम की कला को संरक्षित करने के लिए समर्पित है।

उनके डिजाइन पहले भी पेरिस फैशन वीक, मिलान फैशन वीक, न्यूयॉर्क फैशन वीक और कान्स फिल्म फेस्टिवल जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शित हो चुके हैं।

यह कलेक्शन पूर्वोत्तर भारत की सर्द सुबहों की रहस्यमयी धुंध से प्रेरित है और काले-सफेद रंगों के संयोजन के जरिए “सॉफ्ट स्ट्रेंथ” की थीम को दर्शाता है। पारंपरिक मेखेला चादर के साथ-साथ आधुनिक ड्रेस और स्कर्ट को असमिया पट सिल्क से तैयार किया गया है।

सस्टेनेबल स्लो फैशन पर आधारित यह पूरी कलेक्शन असम की ग्रामीण महिला कारीगरों द्वारा हाथ से बुनी गई है, जिससे पारंपरिक कला को संरक्षण और आर्थिक सशक्तिकरण दोनों को बढ़ावा मिला है।

Category