भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार के मंत्री नीतिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष (नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट) नियुक्त किया है। पार्टी ने एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। नीतिन नवीन ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का स्थान लिया है, जो जनवरी 2020 से BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहे हैं।
नीतिन नवीन बिहार के सड़क निर्माण मंत्री हैं और पांच बार के विधायक रह चुके हैं। उन्हें पार्टी के उभरते और प्रभावशाली युवा नेताओं में गिना जाता है। वह वरिष्ठ BJP नेता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं और उनके पास व्यापक प्रशासनिक एवं संगठनात्मक अनुभव है। अपने राजनीतिक करियर के दौरान उन्होंने बिहार सरकार में शहरी विकास एवं आवास तथा कानून विभाग सहित कई अहम मंत्रालयों का दायित्व संभाला है।
युवा मोर्चा में भी उनकी भूमिका काफी सक्रिय रही है। वह वर्ष 2008 में भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति के सदस्य और सह-प्रभारी रहे। इसके बाद 2010 से 2013 तक युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री, तथा 2016 से 2019 तक बिहार राज्य युवा मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन को मजबूत किया। वर्ष 2019 में उन्हें सिक्किम विधानसभा चुनाव प्रभारी बनाया गया और जून 2019 से उन्होंने सिक्किम BJP संगठन प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाली।
ऊर्जा, अनुशासन और संगठनात्मक क्षमता के लिए पहचाने जाने वाले नीतिन नवीन को वरिष्ठ नेताओं से भी सराहना मिली है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह*ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्हें बधाई देते हुए कहा, “बिहार की धरती से आए युवा और ऊर्जावान नेता श्री नितिन नवीन को BJP4India के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक नेतृत्व में वे निश्चित रूप से भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सफल होंगे।”
- Log in to post comments