अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर बिजली विभाग में तैनात जेई ने महिला से दुष्कर्म किया। बाद में शादी करने से मना कर दिया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इस बीच महिला को जेई के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी हुई तो वह सन्न रह गई। पीड़िता बाद में एसपी के पास पहुंची और आरोपी पर कार्यवाही की मांग को। एसपी के आदेश पर आरोपी जेई के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। दरअसल गजरौला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी वर्ष 2019 में मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति से झगड़ा होने पर विवाहिता गजरौला की एक कालोनी में किराए के मकान में रहने लगी। करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात बिजली विभाग के जेई से हुई। आरोप है कि जेई ने उसे शादी करने के झांसे में लिया और नजदीकी बढ़ा लीं। इस दौरान जेई ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म भी किया। पीड़िता ने जेई से शादी करने के लिए कहा तो वह टाल मटोल करता रहा। ज्यादा दबाव बनाने पर जेई ने शादी करने से इनकार कर दिया व किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इस बीच पीड़िता ने जेई के बारे में जानकारी की तो उसके पहले से शादीशुदा होने का पता चला। परेशान पीड़िता बीती 25 जनवरी को जेई से मिलने गई तो जेई ने उसे घर से भगा दिया। बताया जा रहा है कि जेई हसनपुर के तहारपुर बिजलीघर पर तैनात है। उसकी पत्नी भी जिला अस्पताल में कर्मचारी है। वही इस मामले में गजरौला थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी जेई मोमराज के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
- Log in to post comments