गुवाहाटी के गणेशगुड़ी रोड पर देर रात हुए हिंसक झड़प और कथित तौर पर हथियार लहराने के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक सेवानिवृत्त जिला आयुक्त (DC) के बेटे का नाम भी शामिल है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सेवानिवृत्त जिला आयुक्त बिभास मोदी के पुत्र वैदिक मोदी पर आरोप है कि उन्होंने अपने साथियों और बाउंसरों के साथ गणेशगुड़ी मुख्य सड़क पर हंगामा किया। उन पर सार्वजनिक स्थान पर पिस्तौल लहराने और गुंडागर्दी करने का आरोप है।
घटना आधी रात के करीब गणेशगुड़ी फ्लाईओवर के नीचे हुई। बताया जा रहा है कि शुरुआत में तीन लोगों के एक समूह और एक फूड वेंडर के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई।
डेके बसुमातारी नामक एक युवक अपने दोस्त के साथ डिनर के लिए वहां गया था। खाना खत्म करने के बाद कथित तौर पर तीन लोगों ने उसके दोस्त को धक्का दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
पुलिस के अनुसार, तीन सदस्यीय समूह ने बाद में अपने समर्थन के लिए अन्य लोगों को बुलाया। कुछ ही मिनटों में कई युवक लग्जरी गाड़ियों और बुलेट मोटरसाइकिलों पर मौके पर पहुंचे और बसुमातारी तथा उसके दोस्त पर हमला किया। आरोप है कि बसुमातारी के सिर पर पिस्तौल की मैगजीन से वार किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
उसी रात दिसपुर थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई, जिसमें वैदिक मोदी पर बसुमातारी को पिस्तौल की मैगजीन से कई बार मारने का आरोप लगाया गया।
शिकायत के आधार पर दिसपुर पुलिस ने सात लोगों दिगंत हलोई, वसीम अख्तर, वैदिक मोदी, अमित भूमिक, ज्योतिष्मान बोरा, जितु बरमन और तनीशा सरबा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। एक पूर्व वरिष्ठ नौकरशाह के बेटे की संलिप्तता और कथित तौर पर बंदूक की नोक पर धमकी तथा सड़क पर हिंसा के आरोपों के कारण यह घटना सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गई है।
- Log in to post comments