मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स ज़िला प्रशासन ने थांग्स्को क्षेत्र में अवैध कोयला खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह कार्रवाई 7 फरवरी को मेघालय उच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों के बाद की गई, जिसमें अवैध खनन के खिलाफ तत्काल और सख्त कदम उठाने को कहा गया था।
जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार ने आदेश दिया है कि अवैध खनन में शामिल सभी वाहनों और मशीनरी को जब्त किया जाएगा। इसके साथ ही प्रशासन ने अवैध गतिविधियों में संलिप्त खदान मालिकों, संचालकों, फाइनेंसरों और अन्य सहयोगियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में, मजिस्ट्रेटों और स्थानीय पुलिस को अवैध कोयला खनन से जुड़े सभी नेटवर्क को तोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने खनन स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण अनिवार्य कर दिया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल सीधे तौर पर शामिल लोगों तक सीमित नहीं रहेगी। अवैध खनन में उपयोग किए गए वाहन, उपकरण और सामग्री तत्काल जब्त की जाएगी और उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार ने कहा कि पहले की कार्रवाइयों के बावजूद अवैध खनन जारी रहने की विश्वसनीय शिकायतें और सोशल मीडिया रिपोर्ट्स सामने आई हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने थांग्स्को क्षेत्र में खनन स्थलों के आसपास पांच से अधिक लोगों के एकत्र होने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि, यह नियम सरकारी कर्तव्यों का पालन कर रहे अधिकारियों पर लागू नहीं होगा।
प्रशासन का कहना है कि ये कदम अवैध खनन को पूरी तरह रोकने और कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक हैं।
- Log in to post comments