लातूर महानगरपालिका चुनाव 2026 के नतीजों में कांग्रेस ने सभी को चौंकाते हुए बड़ी बढ़त हासिल की है। शुरुआती रुझानों और घोषित परिणामों के मुताबिक कांग्रेस और उसकी सहयोगी वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA) ने मिलकर 70 सदस्यीय नगर निगम में स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर लिया है। दोपहर 2:30 बजे तक कांग्रेस-VBA गठबंधन के खाते में कुल 39 सीटें आ चुकी थीं, जिससे कांग्रेस का मेयर पद हासिल करना लगभग तय माना जा रहा है।
सीटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कांग्रेस ने 30 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि VBA ने 9 सीटें हासिल की हैं। भाजपा को 22 सीटों से संतोष करना पड़ा है, वहीं अन्य दलों और निर्दलीयों को कुल 9 सीटें मिली हैं। हालांकि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन रुझान कांग्रेस के पक्ष में साफ संकेत दे रहे हैं।
इस चुनावी नतीजे को लातूर की राजनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। बीते कुछ वर्षों में भाजपा और एनसीपी के प्रभाव वाले इस क्षेत्र में कांग्रेस की यह अप्रत्याशित सफलता पार्टी के लिए बड़ी संजीवनी मानी जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि कांग्रेस की यह बढ़त न केवल नगर निगम में उसकी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराती है, बल्कि आने वाले समय में स्थानीय राजनीति की दिशा भी बदल सकती है। अब सभी की निगाहें मेयर चुनाव और आधिकारिक परिणामों पर टिकी हुई हैं।
- Log in to post comments