कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बेंगलुरु में फॉक्सकॉन की महिला-नेतृत्व वाली आईफोन यूनिट में लगभग 30 हजार कर्मचारियों की भर्ती की सराहना की है। उन्होंने इसे रिकॉर्ड समय में हुआ “परिवर्तनकारी रोजगार सृजन” बताया और कांग्रेस शासित कर्नाटक सरकार की अनुकूल औद्योगिक व्यवस्था की प्रशंसा की। इस पर केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी प्रतिक्रिया दी और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मेक इन इंडिया’ पहल की सफलता का प्रमाण बताया।
राहुल गांधी ने दो दिन पहले सोशल मीडिया पर फॉक्सकॉन की भर्ती से जुड़ी खबर साझा करते हुए लिखा कि कर्नाटक ऐसा माहौल बना रहा है, जहां विनिर्माण क्षेत्र इतनी तेज़ी और बड़े पैमाने पर आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि यही वह भारत है, जिसे बनाने की ज़रूरत है सम्मानजनक नौकरियां और सभी के लिए अवसर।
इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राहुल गांधी को “स्वीकृति” के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि भारत प्रधानमंत्री के विज़न के तहत एक उपभोक्ता नहीं, बल्कि उत्पादक अर्थव्यवस्था बन रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन ने महज आठ से नौ महीनों में बड़े पैमाने पर भर्तियां कर भारत में सबसे तेज़ फैक्ट्री रैंप-अप में से एक को अंजाम दिया है। देवनहल्ली स्थित यह इकाई मुख्य रूप से महिलाओं द्वारा संचालित है और इसमें 19 से 24 वर्ष आयु वर्ग के पहली बार काम करने वाले युवा कर्मचारी शामिल हैं।
करीब 300 एकड़ में फैली इस यूनिट का 80 प्रतिशत से अधिक उत्पादन निर्यात किया जा रहा है, जो वैश्विक स्तर पर एप्पल की आपूर्ति श्रृंखला में भारत की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है।
- Log in to post comments