Unique Identification Authority of India (UIDAI) आधार कार्ड के दुरुपयोग को रोकने और गोपनीयता बढ़ाने के लिए इसके डिजाइन में बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। प्रस्तावित बदलाव के तहत नए फिजिकल आधार कार्ड पर केवल कार्डधारक की फोटो और एक QR कोड ही दिखाई देगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार आधार विवरण की चोरी रोकने के लिए कार्ड को फिर से डिजाइन करने की योजना बना रही है। नए आधार ऐप के लॉन्च के बाद UIDAI इस दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव करने पर काम कर रहा है।
अपडेटेड आधार कार्ड में केवल फोटो और QR कोड दिखाने का उद्देश्य फोटोकॉपी के जरिए होने वाले दुरुपयोग को रोकना है, क्योंकि मौजूदा कार्ड की कॉपी में आधार नंबर, नाम, पता, जन्मतिथि और अन्य संवेदनशील जानकारी होती है, जिसका गलत इस्तेमाल हो सकता है।
UIDAI द्वारा लॉन्च किया गया नया आधार ऐप नागरिकों की सुरक्षा और गोपनीयता बढ़ाने के लिए बनाया गया है। इस ऐप के जरिए लोग अपने स्मार्टफोन में डिजिटल आधार रख सकते हैं, जिससे फिजिकल कार्ड की जरूरत कम हो जाएगी।
पहचान सत्यापन के लिए इसमें फेस रिकग्निशन तकनीक, बायोमेट्रिक लॉक और QR कोड आधारित शेयरिंग जैसी सुविधाएं दी गई हैं, ताकि उपयोगकर्ता की निजी जानकारी सुरक्षित रहे।
आज के समय में आधार कार्ड बैंक खाता खोलने, सिम खरीदने, जमीन खरीदने, लोन लेने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने जैसे लगभग हर काम के लिए जरूरी दस्तावेज बन चुका है।
प्रस्तावित बदलाव के तहत QR कोड स्कैन करके बैंकिंग, सिम जारी करने और सरकारी सेवाओं के लिए पहचान सत्यापित की जा सकेगी। इससे संवेदनशील जानकारी सुरक्षित रहेगी और दुरुपयोग का खतरा कम होगा। हालांकि यह नियम अभी लागू नहीं हुआ है, लेकिन इसकी तैयारी पिछले साल से चल रही है।
नए आधार ऐप में लॉग-इन करने पर केवल फोटो और QR कोड दिखाई देता है, जबकि अन्य व्यक्तिगत जानकारी छिपी रहती है और बिना लॉग-इन के दिखाई नहीं देती।
- Log in to post comments