पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को एक भीषण आत्मघाती विस्फोट हुआ। जुमे की नमाज़ के समय शिया समुदाय की एक मस्जिद के सामने हुए इस हमले में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 80 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
दोपहर के समय इस्लामाबाद के शहजाद इलाके में स्थित तरलाई इमामबाड़ा मस्जिद के बाहर यह विस्फोट हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नमाज़ के लिए बड़ी संख्या में लोग मस्जिद में एकत्रित थे। इसी दौरान एक आत्मघाती हमलावर मस्जिद के भीतर घुसने की कोशिश कर रहा था। सुरक्षा बलों ने उसे गेट पर ही रोक दिया, लेकिन तभी उसने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया।
घटना के तुरंत बाद पूरे इस्लामाबाद में आपात स्थिति घोषित कर दी गई। राहत और बचाव कार्य के लिए कई टीमें मौके पर भेजी गईं। घायलों को पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और पॉलीक्लिनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस्लामाबाद पुलिस के प्रवक्ता ताकी जावेद ने कहा, “फिलहाल विस्फोट की प्रकृति और इसके पीछे के कारणों को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं दी जा सकती। फॉरेंसिक टीम मौके पर जांच कर रही है।”
सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, विस्फोट में मस्जिद का एक गेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और आसपास के कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना से जुड़े वीडियो फुटेज में सड़क पर पड़े जले हुए शव और चारों ओर बिखरा मलबा दिखाई दे रहा है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। उल्लेखनीय है कि पिछले साल नवंबर में भी इस्लामाबाद के अदालत परिसर में एक आत्मघाती हमले में कई लोगों की जान गई थी।
इस ताजा हमले के बाद एक बार फिर पाकिस्तान में आंतरिक सुरक्षा और धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
- Log in to post comments